छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ समेत राजधानी रायपुर में तापमान तेजी से गिर रहा है, और ठंड का असर हर दिन गहराता जा रहा है। हवा में नमी बढ़ने से रात का पारा स्थिर रहने और दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में राजधानी में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री तक नीचे आ गया है। ठंडी हवाओं की वर्तमान गति 2 किमी प्रति घंटे है, लेकिन अगले सप्ताह तक इसमें तेजी आने की संभावना है, जिससे ठंड का अहसास और अधिक हो सकता है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं की गति धीरे-धीरे बढ़ रही है। इसके विपरीत, दक्षिण से नमीयुक्त हवाओं का आगमन भी शुरू हो चुका है। इस मिश्रित स्थिति के कारण अगले 48 घंटों तक तापमान में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
2021 और 2023 के रिकॉर्ड टूटे
नवंबर के तीसरे सप्ताह में रायपुर ने ठंड का नया रिकॉर्ड दर्ज किया। इस साल 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 21 नवंबर 2021 को यह 15.3 डिग्री था। गुरुवार को तापमान एक बार फिर 15.3 डिग्री पर पहुंच गया। पिछले 10 वर्षों में नवंबर के दौरान सबसे कम तापमान 27 नवंबर 2022 को 13 डिग्री दर्ज किया गया था।
कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी है। पिछले साल की तुलना में इस बार नवंबर में ठंड अधिक महसूस की जा रही है। शुक्रवार को दिन का तापमान 29 डिग्री और रात का तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। दुर्ग में भी तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया है।
दिनांक – न्यूनतम पारा – अधिकतम पारा
11 नवंबर – 21.2 – 32.2
12 नवंबर – 19.7 – 33.0
13 नवंबर – 19.3 – 32.5
14 नवंबर – 18.8 – 32.3
15 नवंबर – 18.7 – 32.2
16 नवंबर – 17.1 – 32.2
17 नवंबर – 16.8 – 31.2
18 नवंबर – 16.5 – 31.2
19 नवंबर – 16.2 – 30.4
20 नवंबर – 16.2 – 29.2
21 नवंबर – 15.4 – 28.8
ठंड के बढ़ने की संभावना
मौसम के इस रुख को देखते हुए अगले सप्ताह तक ठंड में और इजाफा हो सकता है। सर्द हवाओं की गति तेज होने से प्रदेशभर में ठंड का असर और बढ़ेगा। विशेषज्ञों ने ठंड से बचने के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
बिलासपुर मौसम अपडेट : बिलासपुर में पड़ने लगी कड़ाके ठंड…अलाव का सहारा:ड्राई हवा के कारण बढ़ रही ठंड, शहर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड
बिलासपुर में इन दिनों कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। सुबह और रात के साथ ही दिन में भी तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दोपहर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह सीजन का सबसे कम तापमान है। ठंड से बचने लोग अब रात में अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह और रात में ठंड कंपकंपाने लगी है। सुबह से लोग धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। वहीं, रात में गर्म कपड़ों के साथ अलाव भी जला रहे हैं।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा
ठंड का असर पिछले पांच दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।
शुष्क हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ रहा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ रहा है। वातावरण के मध्य स्तर में नमी का आगमन होने से न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, बिलासपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
25 नवंबर से तापमान में वृद्धि
मौसम विभाग ने 25 नवंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का अनुमान लगाया है। जिससे ठंड का असर थोड़ा कम हो सकता है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
सर्दी से बचाव के उपाय
ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों को सेहत का खास ख्याल रखने की आवश्यकता है। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनना और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। सुबह की सैर और रात के समय बाहर जाने से बचें। बाहर जाना आवश्यक हो तो शरीर को पूरी तरह ढक-कर जाएं। बता दें कि अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से कम है। वहीं तापमान में 13 डिग्री का अंतर है।