मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में अंधड़ के साथ बारिश के आसार हैं। साथ ही सोमवार 13 मई से बारिश की गतिविधि भी बढ़ सकती है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी, उसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेशभर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई।
भले ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट रही, लेकिन उमस में बढ़ोतरी हो गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा।
छत्तीसगढ़ में कोरबा रहा सबसे ज्यादा गर्म
शुक्रवार को कोरबा सर्वाधिक गर्म रहा। एडब्ल्यूएस कोरबा का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर के साथ ही बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर, पेंड्रा रोड आदि सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बिलासपुर मौसम अपडेट: आंधी संग हल्की वर्षा ने घोली ठंडक
बिलासपुर दिन में सूरज की तपिश के बाद शुक्रवार की शाम अचानम मौसम बदल गया। आसमान में चारों ओर बादल घिर आए। काले घने बादलों के आते ही हवाओं की गति तेज हो गई। सूर्यास्त के साथ ही आंधी के संग हल्की वर्षा ने वातावरण में ठंडक घोल दी। मौसम सुहाना लगने लगा। दिन का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम सामान्य से 4.3 डिग्री कम था।
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से असम तक छत्तीसगढ़ होते हुए स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य मध्य प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बिहार के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है। प्रदेश में 11 मई को एक- दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, किंतु बढ़ते क्रम में बने रहने की संभावना है। कल के बाद वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। इधर शुक्रवार को दिनभर गर्मी का अहसास हुआ। आसमान में हल्के बादल भी आए लेकिन तापमान में उसका कोई खास असर नहीं हुआ। मामूली वृद्धि दर्ज की गई। गुरुवार को पारा जहां 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं आज 38.6 डिग्री पर पहुंच गया। रात में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अभी आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसे ही बने रह सकता है। तापमान में बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान/शहर अधिकतम न्यूनतम
- बिलासपुर 38.6 25.4
- पेंड्रारोड 37.4 21.4
- अंबिकापुर 36.4 20.0
- माना 38.5 24
- जगदलपुर 35.2 23.4




















