छत्तीसगढ़

बीड़ी मांगने की मामूली बात पर खूनी खेल! 3 आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर – दिनांक 10.10.2025 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम आमनेर स्थित गोड़ा पुल नाला में एक व्यक्ति का शव पानी में तैर रहा है, जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर देखने पर पाया गया कि एक व्यक्ति का शव पानी में तैर रहा था, जिस पर शव को बाहर निकालकर देखने पर पाया गया कि मृतक अज्ञात पुरूष के चेहरा एवं सिर में गंभीर चोट के निशान होने के साथ ही बदन में भी चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात आरोपी द्वारा मृतक अज्ञात पुरूष के चेहरा, मस्तक एवं सिर में किसी ठोस वस्तु से मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करना प्रतीत हो रहा था, कि मर्ग कायम कर जांच के दौरान अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 373/25 धारा 103 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

अंधे कत्ल की घटना को उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर श्री कर्ण कुमार उके, थाना प्रभारी अभनपुर एवं प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को मृतक अज्ञात पुरूष की शिनाख्त करने के साथ ही अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया।

जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत सर्वप्रथम मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास प्रारंभ करने के साथ-साथ घटना स्थल तक के पहुंच मार्ग को सुनिश्चित करने सी.सी.टी.व्ही. फुटेज संरक्षण एवं विश्लेषण तथा तकनीकी विश्लेषण के कार्य हेतु टीम को पाबंद किया गया। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के क्रम में गांव में निवासरत निवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों सहित सरहदी जिलों में पतासाजी व पूछताछ करते हुये मृतक की पहचान सोनू पाल पिता महेश पाल उम्र 26 साल निवासी ग्राम गातापारा थाना अभनपुर जिला रायपुर के रूप में की गई। टीम के सदस्यों द्वारा मृतक के परिजनों से मृतक व घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर प्रकरण में मुखबीर लगाया गया। सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों को खंगालने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे।

इसी दौरान टीम के सदस्यों को प्रकरण में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा ग्राम आमनेर अभनपुर निवासी सुमित बांदे, अजय रात्रे तथा गुलशन गायकवाड़ को पकड़कर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा सोनू पाल की हत्या को अंजाम देना तथा शव का नाले के पानी में फेंकना स्वीकार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनांक घटना 09.10.25 को तीनों अभनपुर स्थित शराब दुकान के अहाता में शराब पी रहे थे तथा मृतक सोनूू पाल इनके बगल में अलग बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान सोनू पाल आरोपियों से बीड़ी मांगा जिस पर आरोपियों द्वारा हमारे पास बीड़ी नहीं है कहने पर सोनू पाल इनके साथ विवाद करने लगा, कि तीनों आरोपी मृतक सोनू पाल को हमारे साथ चलो तुमको नशा करायेंगे कहकर अपने साथ मोटर सायकल में बैठाकर घटना स्थल ग्राम आमनेर स्थित गोड़ा पुल नाला के पास ले गये तथा आरोपीगण हाथ मुक्का से सोनू पाल को मारपीट करने के साथ ही अपने हाथ में पहने कड़ा से उसके सिर एवं चेहरे में लगातार वार कर पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिये तथा शव को नाला के पानी में फेंक कर फरार हो गये।

आरोपी सुमित बांदे, अजय रात्रे एवं गुलशन गायकवाड़ को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

गिरफ्तार आरोपी – 01. सुमित बांदे पिता मुरलीधर बांदे उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम आमनेर थाना अभनपुर जिला रायपुर। 02. अजय रात्रे पिता परमेश्वर रात्रि 24 वर्ष निवासी ग्राम आमनेर थाना अभनपुर जिला रायपुर। 03. गुलशन गायकवाड़ पिता जग्गू गायकवाड़ उम्र 26 साल निवासी निवासी हाटकेश्वर जिला धमतरी। हाल पता – ग्राम आमनेर थाना अभनपुर जिला रायपुर।

 

 

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐈𝐕𝐄 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!