इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 16वें मुकाबले में शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 18 रन से हरा दिया। यह टूर्नामेंट में उसकी तीसरी जीत है। वहीं, कोलकाता की दूसरी हार है। जीत के लिए मिले 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 210 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया।
कोलकाता को आखिरी 6 ओवर में जीत के लिए 98 रन बनाने थे। इयॉन मॉर्गन और राहुल त्रिपाठी ने दिल्ली के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया था। आखिरी दो ओवर में 31 रन बनाने थे। इयॉन मॉर्गन 18 गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक चौका और 5 छक्के लगाए। मॉर्गन ने कगिसो रबाडा की गेंद पर लगातार 3 छक्के लगाए। राहुल त्रिपाठी ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 16 गेंद पर 36 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
नीतीश राणा 35 गेंद पर 58 रन बनाकर आउट हुए। हर्षल पटेल की गेंद पर अक्षर पटेल ने उनका कैच लिया। शुभमन गिल 22 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। अमित मिश्रा की गेंद पर ऋषभ पंत ने उनका कैच लिया। सुनील नरेन 5 गेंद पर 3 रन बनाकर एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर बोल्ड हो गए। आंद्रे रसेल को कगिसो रबाडा ने एनरिच नोर्त्जेस के हाथों कैच कराया। रसेल ने 8 गेंद पर 13 रन बनाए। दिनेश कार्तिक (6) को हर्षल पटेल ने आउट किया।
दिल्ली ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 228 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 88 रन बनाए। उन्होंने 38 गेंद की पारी में 7 चौके और 6 छक्के लगाए। अय्यर ने 27 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया। आईपीएल में यह उनका सबसे तेज अर्धशतक है। शिखर धवन 16 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हो गए। पृथ्वी शॉ 41 गेंद पर 66 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। ऋषभ पंत ने 17 गेंद पर 38 रन बनाए।




















