छत्तीसगढ़

फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर एक ही जमीन का कई लोगों को सौदा कर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग : प्रार्थी द्वारा थाना बोरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086, प्रत्येक का रकबा 0.16 हेक्टेयर, कुल 0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपी के साथ 3,00,000 रुपये में तय हुआ था। उक्त राशि प्रार्थी द्वारा ऑनलाइन, बैंक खाते एवं नगद माध्यम से आरोपी को दी गई थी।

आरोपी द्वारा दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहकर उन्हें सुधारने एवं रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान आरोपी ने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी प्रदान की, जिसके माध्यम से प्रार्थी स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री करा सकता था।

लगभग 11 माह बाद प्रार्थी को जानकारी मिली कि आरोपी ने उसी भूमि के संबंध में अन्य व्यक्ति के नाम पर भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा दी है। तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर उक्त भूमि के नामांतरण संबंधी प्रक्रिया में कई व्यक्तियों द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किया जाना सामने आया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी के फरार होने पर थाना बोरी पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की गई। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश एवं दबिश दी गई। पुलिस टीम के प्रयासों से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं अपराध में संलिप्तता के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपी द्वारा एक ही भूमि के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर तथा दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने एवं रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर लोगों से रकम प्राप्त की जाती थी। इसके बाद उसी भूमि के संबंध में अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई जाती थी, जिससे एक ही भूमि को लेकर कई व्यक्तियों के बीच विवाद एवं आर्थिक धोखाधड़ी की स्थिति उत्पन्न हुई।

आरोपी का नाम : 1\. दीपक देशलहरे, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग।

 

 

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!