छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : सावन में तरबतर हुआ छत्‍तीसगढ़, आज भी भारी बारिश की चेतावनी, गरज चमक के साथ छीटें पड़ने की सम्भावना

रायपुर। CG Weather Update रविवार को छत्‍तीसगढ़ के ज्यादातार जिलों में जमकर बारिश हुई। सावन मास की शुरूआत के बाद ही प्रदेश के ज्यादातर जिलों में जमकर बारिश हो रही है। रविवार को राजधानी सहित अन्य जिलों में सुबह से लेकर शाम तक झड़ी लग रही।

इसके अलावा बीच-बीच में जमकर बारिश भी हुई। जिलों में नदी-नाले उफान पर आ चुके हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग में भी जलभराव की स्थिति है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थान पर ही रहे। पेड़ों के नीचे ना रहे।

रविवार को राजधानी के कई निचली बस्तियों में बारिश की वजह से जलभराव की स्थिति आ गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश होगी। साथ ही कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान दुर्ग शहर में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसलिए हो रही है बारिश

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर ओड़िशा और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किमी. की ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर- सौराष्ट्र तट, दिसा, रायसेन, अम्बिकापुर, निम्न दाब का केन्द्र, और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक स्थित है। 18 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पड़ने की सम्भावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की सम्भावना है।

बिलासपुर में जमकर बरसे मेघ, तेज गर्जना ने डराया

बिलासपुर । Bilaspur Weather : सावन शुरू होने के बाद से प्रतिदिन वर्षा जारी है। रविवार को भी बादल जमकर बरसे। तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली और मेघ गर्जना ने लोगों को डरा दिया। मौसम विभाग की मानें तो अभी वर्षा की स्थिति ऐसे ही बनी रहेगी। दिन के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

रविवार सुबह सूर्य के दर्शन हुए। बादलों के साथ दोपहर तक आंख मिचौली का खेल भी जारी रहा। सावन में रिमझिम फुहारों वाला मौसम अभी गायब है। झमाझम वर्षा हो रही है। 14 जुलाई के बाद से प्रतिदिन तेज वर्षा दर्ज हो रही है। कभी सुबह तो कभी शाम को बादल बरस रहे हैं। भू अभिलेख शाखा के मुताबिक शनिवार को 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जबकि रविवार शाम को तेज वर्षा हुई। इसके कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। लेकिन, उमस कम नहीं हुई। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

20 जुलाई तक तेज वर्षा के संकेत

मौसम विभाग के मुताबिक 18 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है। बिलासपुर संभाग में 20 जुलाई तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है।

मानसून द्रोणिका की ये है दिशा

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर ओडिशा और उसके आसपास स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर-सौराष्ट्र तट, दिसा, रायसेन, अंबिकापुर, निम्न दाब का केंद्र, और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक स्थित है। इसके प्रभाव से वर्षा जारी है।

अब तक वर्षा के आंकड़े

तिथि — बिलासपुर — बिल्हा — मस्तूरी — तखतपुर — कोटा — सीपत — बोदरी — बेलगहना — रतनपुर — कुल

13 जुलाई — 3.2 — 9 — 9.3 — 7.6 — 18.8 — 17 — 14.2 — 4.3 — 5 — 88.4

14 जुलाई — 26 — 57 — 53.2 — 36.4 — 00 — 42 — 55 — 00 — 5 — 274.6

15 जुलाई — 9 — 13.8 — 17.5 — 17.4 — 19.2 — 11 — 15 — 39.1 — 40 — 182

16 जुलाई — 37 — 22 — 25 — 50.2 — 4.4 — 24 — 59 — 3.4 — 3 — 228

17 जुलाई — 20 — 10 — 11.8 — 80.6 — 25 — 5 — 8 — 0.1 — 17 — 177.5

नोट: वर्षा के सभी आंकड़े मिलीमीटर में दर्ज हैं।

जिले में अब तक 3938.3 मिमी वर्षा

भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में एक जून से अब तक 3938.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक तखतपुर तहसील में 537 मिलीमीटर वर्षा हुई है। बिलासपुर शहर में 533.4 व सबसे कम रतनपुर में 246.4 मिलीमीटर वर्षा हुई है। विगत 10 वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो औसत वर्षा 2923.2 मिलीमीटर है। यानी इस साल जिले में रिकार्ड पानी गिर रहा है।

 

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐚𝐭 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐢𝐯𝐞 ❤
error: Content is protected !!