छत्तीसगढ़

सरपंच की दबंगई ने ली अस्पताल कर्मचारी की जान, पुलिस ने आरोपी को दबोचा..

कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने जिला मेडिकल अस्पताल के कर्मचारी के साथ मारपीट कर उसकी मृत्यु का कारण बनने वाले आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की है। जिला मेडिकल अस्पताल कोरबा के पोस्टमार्टम कक्ष में ड्यूटी के दौरान आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए अस्पताल कर्मचारी (पीड़ित) के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित का कॉलर पकड़कर उसे दीवार पर पटक दिया, जिससे कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।

इलाज के दौरान हुई मौत

​घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग एक सप्ताह तक चले उपचार के बाद, दिनांक 06 अप्रैल 2026 को पीड़ित ने दम तोड़ दिया। मर्ग जांच और डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में लगी चोट और उससे उत्पन्न जटिलताओं को बताया गया है।

पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी

​थाना सिविल लाइन रामपुर में इस मामले में अपराध क्रमांक 279/2026 दर्ज किया गया है। शुरुआत में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 132, 121(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 105 BNS जोड़ी गई।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

  • नाम: जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश
  • पिता: श्री हीरा सिंह तंवर (उम्र 31 वर्ष)
  • निवासी: पटेलपारा, ग्राम बेंदरकोना, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!