छत्तीसगढ़

रायपुर पुलिस ने चिट्टा तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा: 2 और पेडलर गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी 29

रायपुर: रायपुर पुलिस ने टिकरापारा थाने में दर्ज नारकोटिक एक्ट के एक बड़े मामले में अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए हेरोईन (चिट्टा) सप्लाय नेटवर्क के दो और पेडलरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या 29 हो गई है।

​गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों की पहचान जिबरान सैफ (25 वर्ष) और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू (32 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों ही टिकरापारा, रायपुर के निवासी हैं और स्थानीय ड्रग सप्लाय नेटवर्क में पेडलिंग (बिक्री) का काम करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से हेरोईन की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मामले का विवरण:

​यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, श्री अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाई जा रही प्रभावी मुहिम का हिस्सा है।

​टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 600/25 के तहत नारकोटिक एक्ट, बी.एन.एस. और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ए.सी.सी.यू.) और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में इससे पहले पंजाब निवासी एक अंतर्राज्यीय तस्कर सहित स्थानीय नेटवर्क के 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

जब्त सामग्री:

​पूर्व में गिरफ्तार 27 आरोपियों के कब्जे से खुदरा बाजार में लगभग 1 करोड़ रुपये कीमत की 412.87 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) जब्त की गई थी। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने एक चारपहिया वाहन (क्रेटा क्र. सीजी/04/क्यू एच/7491), विभिन्न मोबाइल फोन, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, हेरोईन पीने में इस्तेमाल किया गया जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक देसी कट्टा भी जब्त किया था।

​पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों और जब्त दस्तावेजों के तकनीकी विश्लेषण से हेरोईन सप्लाय नेटवर्क से जुड़े अन्य पेडलरों के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर जिबरान सैफ और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

​रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी गहनता से पतासाजी की जा रही है और नशे के इस अंतर्राज्यीय और स्थानीय गठजोड़ को समाप्त करने की मुहिम जारी रहेगी।

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐈𝐕𝐄 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!