छत्तीसगढ़

यूट्यूब देखकर एटीएम काटने की साजिश नाकाम, गैस कटर के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार..

कवर्धा (लोहारा): कर्ज के दलदल में फंसे एक युवक ने रातों-रात अमीर बनने के लिए अपराध का रास्ता चुना, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसके मंसूबे धरे के धरे रह गए। थाना लोहारा पुलिस ने एटीएम काटने की फिराक में लगे एक आरोपी को गैस कटर और भारी मात्रा में उपकरणों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

यूट्यूब बना ‘गुरु’, कर्ज उतारने के लिए रची साजिश

​पकड़े गए आरोपी की पहचान नंदलाल साहू (30 वर्ष) निवासी छोटूपारा, लोहारा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उधारी चुकाने के लिए उसने यूट्यूब पर एटीएम मशीन काटने के वीडियो देखे और वहां से तकनीक सीखी। उसे लगा कि एक ही झटके में एटीएम साफ कर वह अपनी सारी आर्थिक तंगी दूर कर लेगा।

हर घंटे एटीएम चेकिंग ने बिगाड़ा खेल

​कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के सख्त निर्देशों के बाद जिले में रात्रि गश्त के दौरान हर घंटे एटीएम चेकिंग अनिवार्य की गई थी। 24 मार्च 2026 की रात जब लोहारा पुलिस की टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। घेराबंदी कर जब उसे पकड़ा गया, तो उसके पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ।

बरामद सामग्री और पिछली नाकाम कोशिशें

​पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान जप्त किया है:

  • ​गैस कटर मशीन और गैस सिलेंडर (ऑक्सीजन सहित)
  • ​लोहे का सब्बल और औजार
  • ​घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG07AP0793)
  • ​नकाब, काला रेनकोट और पहचान छिपाने के लिए अन्य कपड़े।

​जांच में पता चला कि आरोपी इससे पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान जैसे इलाकों में एटीएम काटने की कोशिश कर चुका था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण हर बार असफल रहा।

सीन रीक्रिएशन से खुला राज

​विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कराया। आरोपी ने विस्तार से डेमो देकर बताया कि वह किस तरह गैस कटर और सिलेंडर का सेटअप जमाकर मशीन काटने की कोशिश करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस की अपील: “शॉर्टकट के चक्कर में आपराधिक गतिविधियों का हिस्सा न बनें। मेहनत और ईमानदारी का रास्ता ही सुरक्षित है।”

अधिकारियों कर्मचारियों की छुट्टियों पर लगा प्रतिबंध, पहले से स्वीकृत छुट्टियां भी निरस्त, मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक, आदेश जारी…

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!