छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम का मिजाज बदला: उत्तर छत्तीसगढ़ में शीत लहर का अलर्ट, बिलासपुर में रात का तापमान 16.8°C

छत्तीसगढ़ : प्रदेश में मौसम तेजी से बदलने लगा है। सभी क्षेत्रों में रात के तापमान में तेजी से गिरावट जारी है। पहाड़ी इलाकों में अधिक ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विशेषज्ञ ने उत्तर क्षेत्र के एक दो स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना जतायी है।

  • बिलासपुर शहर में रात का पारा 16.8 डिग्री पर पहुंचा
  • उत्तर में ठंड का बढ़ी, रात का तापमान 10 डिग्री तक गिरा
  • रायपुर में रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना

प्रदेश में सर्दी अब अपने रंग दिखाने लगी है। ग्रामीण इलाकों से साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी रात के समय लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में तापामान तेजी से गिर रहा है। सरगुजा जिले में अंबिकापुर के आस-पास के क्षेत्र में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं मौसम विभाग की ओर से रविवार को कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना जतायी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने के साथ नवंबर में दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिलता है। इस समय आसमान सामान्यतः साफ रहता है, जिससे दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंडक बढ़ जाती है। प्रदेश में मौसम की स्थिति अगले कुछ दिनों तक सामान्य रहने की संभावना है।

रायपुर का मौसम

राजधानी में रविवार का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा। भोर के समय और शाम को हल्की ठंड महसूस होगी। इसके साथ ही रात के समय पारा और नीचे जाने की संभावना है।

न्यायधानी का हाल

बिलासपुर शहर में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गुलाबी ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। शनिवार की रात लोगों ने ठंड का असली अहसास किया। सुबह की हवा में नमी और हल्की सिहरन ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

बिलासपुर में अब सर्द हवाएं धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी हैं। सतही हवाएं फिलहाल सामान्य हैं, लेकिन उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान को और नीचे ला सकती हैं। मौसम वैज्ञानिक अब्दुल सिराज खान ने बताया कि जैसे-जैसे नवंबर आगे बढ़ेगा, नमी घटेगी और हवा शुष्क बनेगी। इससे सर्दी का असर और तेज होगा।

उन्होंने बताया कि इस महीने आमतौर पर तूफान या ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां नहीं होतीं, जिससे मौसम साफ और स्थिर बना रहता है। वर्ष 2009 में नवंबर माह का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार भी ठंड में इसी तरह की तीव्रता देखने की संभावना है।

शहरों में ऐसा रहा तापमान/ अधिकतम | न्यूनतम

  • पेंड्रा रोड 26.6° 26.8°
  • अंबिकापुर 14.0° 10.9°
  • बिलासपुर 28.6° 16.8°
  • रायपुर 30.2° 17.3°
  • दुर्ग 30.2° 16.2°
  • जगदलपुर 30.6° 19.6°

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!