छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पेंड्रा, बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली जांजगीर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा ,कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं रायपुर में शाम और रात में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
अगले 4 दिनों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। बस्तर संभाग के जिलों में आगामी 24 घंटों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है। रविवार को गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश और कई जगह ओला वृष्टि भी हुई है।
यहां हुई बारिश
शनिवार को सुकमा में 120 मिली मीटर बारिश हुई । बस्तर (बस्तानार) में 32 मिलीमीटर, कोंडागांव (बड़ेराजपुर) में 48 मिली मीटर कांकेर में 14 और बीजापुर( भोपालपट्नम) में 28 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई है।
डोंगरगढ़ सबसे ज्यादा गर्म, 42.6 डिग्री तक पहुंचा पारा
रविवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। रायपुर और बिलासपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 42.6 डिग्री राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया।
रायपुर में रात में बारिश के आसार
रायपुर में रविवार को मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। आज रायपुर का तापमान 41 से 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
बस्तर संभाग में कल तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग के जिलों में आज और कल यानी 21 मई को हल्की बारिश के आसार हैं। रविवार को जगदलपुर में 32.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
इस सीजन में अब तक 45 डिग्री तक नहीं पहुंचा पारा
गर्मी के इस पूरे सीजन में अब तक टेंपरेचर 45 डिग्री तक नहीं पहुंच पाया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आज से तापमान में दो-तीन डिग्री बढ़ेगा। इसके बाद पांच दिनों तक यानी 24-25 मई तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
बिलासपुर मौसम अपडेट : सक्रिय है द्रोणिका पारा चढ़ा, फिर भी राहत, चार दिनों बाद भीषण गर्मी
शहर व संभाग समेत प्रदेशभर में मौसम इन दिनों बदला हुआ है। रविवार को शहर में आंशिक रूप से बादल तो नजर आए और पारा भी चढ़ा, इसके बाद भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे अब भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं चार दिनों बाद इसमें बदलाव के संकेत मौसम विज्ञानियों ने दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के विज्ञानियों के अनुसार, एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्व उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तरी बिहार तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। एक द्रोणिका पूर्व उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। वहीं एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। एक द्रोणिका मध्य महाराष्ट्र के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
सिस्टम का ये असर
इन सभी सिस्टम की सक्रियता के चलते बस्तर संभाग के सुकमा, कोंटा, जगदलपुर, भोपालपटनम, बीजापुर, केशकाल, दंतेवाड़ा, कांकेर, गीदम आदि जगहों पर वर्षा हुई है। जबकि मध्य व उत्तरी छत्तीसगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए। बिलासपुर में भी हल्का असर बना रहा और दोपहर में अंधड़ भी चला। इन सबके बीच अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।
ऐसे बदलेगा मौसम
अभी दो से तीन दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी के ही संकेत हैं। उसके बाद तापमान बढ़ेगा और भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। जबकि अगले एक से दो दिनों में कहीं-कहीं बादल छाने व रिमझिम वर्षा के साथ ही तेज अंधड़ चलने की आशंका बनी रहेगी।
ऐसा रहा प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) शहर अधिकतम न्यूनतम/शहर अधिकतम न्यूनतम
- बिलासपुर 40.6 26.4
- रायपुर 39.5 25
- पेंड्रारोड 40.4 24.6
- अंबिकापुर 39.2 23.5
- जगदलपुर 32.8 22.8




















