महासमुंद, 19 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ पुलिस के “नशा मुक्त प्रदेश” अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मिली है। एन्टी नारकोटिक्स टास्क फाॅर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है।
करोड़ों का माल और अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कोमाखान क्षेत्र में की गई इस कार्यवाही में 02 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
- जब्त गांजा: 950 किलोग्राम (9.5 क्विंटल)
- अनुमानित कीमत: ₹4,75,00,000 (4 करोड़ 75 लाख रुपए)
- वाहन जप्ती: तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपए) भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
15 दिनों में 9 करोड़ से अधिक की जप्ती
महासमुंद पुलिस पिछले कुछ समय से ड्रग पेडलर्स और बड़े तस्करों के लिए काल बनी हुई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 15 दिनों के भीतर पुलिस ने कुल 1831.610 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत 9 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपए आंकी गई है।
‘End-to-End’ जांच से हिलेगी तस्करी की नींव
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में केवल गिरफ्तारी तक ही सीमित नहीं रहा जाएगा। ‘End to End Investigation’ के तहत पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं, जो इस अवैध कारोबार के बैकवर्ड लिंक (कहाँ से गांजा आया) और फॉरवर्ड लिंक (कहाँ सप्लाई होना था) का पता लगाएंगी। इस मास्टर प्लान का उद्देश्य नशे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।




















