छत्तीसगढ़

बिलासपुर : हाईवे पर लूट और हत्या करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार..

बिलासपुर : बिलासपुर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर सक्रिय एक ऐसे गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है, जो न केवल लूटपाट करता था बल्कि विरोध करने पर हत्या जैसी वारदात को भी अंजाम देता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत ए.सी.सी.यू. और कोनी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

​हत्या और लूट की रूह कंपा देने वाली वारदात

​घटना पिछले वर्ष 17 अगस्त 2025 की है, जब कोरिया बैकुंठपुर निवासी राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ ट्रक में सीमेंट लोड कर जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे गतौरी के पास ट्रक का टायर पंचर होने पर जब वे उसे ठीक कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर 6000 रुपये और मोबाइल लूट लिए। जब हेल्पर पारस केंवट ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान पारस की मृत्यु हो गई थी।

​200 सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जांच से मिली सफलता

​एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़े तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने जय दिवाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी सूरज साहू और प्रदीप धुरी के साथ मिलकर हत्या और लूट की बात स्वीकार की।

​हाईवे पर ट्रक चालकों में था खौफ

​गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आदतन अपराधी हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं। उन्होंने कोनी के अलावा हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर भी ट्रक चालकों से कई लूटपाट करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. जय दिवाकर (20 वर्ष) – निवासी तिफरा, बिलासपुर।
  2. सूरज साहू (20 वर्ष) – निवासी तिफरा, बिलासपुर।
  3. प्रदीप धुरी (19 वर्ष) – निवासी तिफरा, बिलासपुर।

बरामदगी:

  • ​घटना में प्रयुक्त 01 बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत ₹2 लाख)।
  • ​03 धारदार चाकू।
  • ​लूटा गया रेडमी मोबाइल और नगदी रकम।

​पुलिस टीम को इनाम की घोषणा

​इस अंधे कत्ल और लूट की गुत्थी सुलझाने वाली टीम में एएसपी पंकज पटेल, एएसपी अनुज कुमार, सीएसपी गगन कुमार (भा.पु.से.), कोनी थाना प्रभारी भावेश सेण्डे और ए.सी.सी.यू. प्रभारी हेमंत आदित्य सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी बिलासपुर ने पूरी टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!