छत्तीसगढ़

​बिलासपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: रतनपुर पेट्रोल पंप लूट कांड का खुलासा, हथियार के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर | जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में फिल्म स्टाईल में हुई पेट्रोल पंप लूट की गुत्थी को बिलासपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में ए.सी.सी.यू. और रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वेद प्रकाश उर्फ निलेश वैष्णव और उसके साथियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों ने न केवल रतनपुर, बल्कि कोरबा जिले के भी कई क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

​क्या थी पूरी घटना?

​घटना दिनांक 11 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे की है। ग्राम जाली स्थित बी.बी. पेट्रोल पंप पर पल्सर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे। आरोपियों ने पहले 1000 रुपये का पेट्रोल डलवाया और जब सेल्समैन बसंत कुमार कैवर्त ने पैसों की मांग की, तो लुटेरों ने रिवाल्वर जैसा हथियार निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी। दहशत फैलाकर आरोपियों ने पंप से करीब 15 हजार रुपये लूटे और मौके से फरार हो गए।

​200 सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी इनपुट से खुला राज

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर भागने के रास्तों तक करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टेक्निकल इनपुट और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस संदेही वेद प्रकाश तक पहुंची। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को बेलतरा के पास पकड़ लिया।

​कोरबा में भी मचाया था आतंक

​पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि रतनपुर के अलावा:

  • 16.01.2026: चैतमा (जिला कोरबा) के पेट्रोल पंप पर लूट की।
  • 09.01.2026: पाली (जिला कोरबा) में एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।

​पुलिस टीम को नगद पुरस्कार की घोषणा

​इस अंधे कत्ल और लूट की गुत्थी सुलझाने वाली टीम की सफलता पर एसएसपी बिलासपुर ने पूरी टीम की सराहना की है और नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस सफल ऑपरेशन में एएसपी श्रीमती मधुलिका सिंह, एएसपी अनुज कुमार, एसडीओपी नूपूर उपाध्याय, निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य सहित ए.सी.सी.यू. और रतनपुर थाने के जांबाज आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही।

​आरोपियों के विरुद्ध थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

 

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐈𝐕𝐄 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!