बिलासपुर। जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोटा पुलिस ने एक फार्म हाउस पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹69,300 नगद, 03 कार और 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत लाखों रुपए में आंकी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
थाना कोटा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, मंगलवार दिनांक 21.10.2025 को थाना प्रभारी श्री तोप सिंह नवरंग को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लमेर स्थित संतोष कश्यप के फार्म हाउस पर कुछ लोग रुपये पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्री नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल फार्म हाउस पर दबिश दी। मौके पर नौ व्यक्ति जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से जिन 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- गिरीश कश्यप (50), साकिन इमलीपारा बिलासपुर
- उधो कश्यप (57), साकिन तेलीपारा बिलासपुर
- मनोज कश्यप (36), साकिन कुदूदण्ड बिलासपुर
- मिश्रीलाल कश्यप (70), साकिन तेलीपारा बिलासपुर
- कमलेश कश्यप (49), साकिन मंगला बिलासपुर
- चन्द्रकांत शर्मा (56), साकिन कश्यप कॉलोनी बिलासपुर
- संतोष कश्यप (47), साकिन तेलीपारा बिलासपुर (फार्म हाउस मालिक)
- राम पटेल (43), साकिन मौहारखार (निरतु), थाना कोनी
- विजय सिंह ठाकुर (43), साकिन रपटा चौक, चांटीडीह बिलासपुर
भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने जुआरियों के पास से ₹69,300 नगद, 03 कारें और 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्यवाही की गई है।
थाना प्रभारी श्री तोप सिंह नवरंग ने बताया कि अवैध जुआ-सट्टा पर नियंत्रण एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु थाना कोटा पुलिस की यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। इस सफल कार्यवाही में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।




















