बिलासपुर : कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक टीएल बैठक में राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेजी से काम करने को कहा हे। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के लिये एक नये शासकीय सैनिक स्कूल खोलने की स्वीकृति मिली है। इसके लिए 10 एकड़ शासकीय भूमि चिन्हांकन के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने मिशन कर्मयोगी पोर्टल में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पंजीयन कराने के निर्देश दिए। क्षमता विकास एवं प्रशिक्षण के लिए इस पोर्टल का निर्माण किया गया है। उन्होंने इस संबंध में एक जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित करने को भी कहा है। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




















