छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, लेकिन अगले 48 घंटों के भीतर मौसम की करवट लोगों को राहत दे सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 13 और 14 मार्च को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजनांदगांव में पारा 40 पार, अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। भीषण धूप के कारण राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ तापमान 40.0°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.7°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। राजधानी रायपुर में भी उमस और धुंध का असर देखा जा रहा है।
इन जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण मौसम बदल रहा है।
- हवा की रफ्तार: दक्षिण छत्तीसगढ़ में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।
- चेतावनी: गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
- तापमान में गिरावट: 14 मार्च के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।
रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाई रहने का अनुमान है। यहाँ अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 22°C के आसपास रह सकता है। निचले स्तर पर चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण उमस का प्रभाव बना रहेगा।




















