छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ में द्रोणिका के कारण बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल, कई संभागों में अंधड़ और बारिश के आसार.. येलो अलर्ट जारी

मौसम अपडेट : आज फिर से छत्तीसगढ़ के कई संभागों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश के आसपास तीन सिस्टम सक्रिय हैं जिसके कारण रायपुर और बिलासपुर समेत कई संभागों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। राजधानी में सुबह से बादल छाए हुए हैं जिससे मौसम खुशनुमा है। गर्मी कम होने के कारण लोगों को राहत है।

 

मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार एक चक्रवाती तूफान उत्तर-पूर्व राजस्थान और आसपास के इलाके में सक्रिय है। इसके अलावा एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से यूपी, झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल से असम तक फैली है। एक सिस्टम राजस्थान से मप्र, महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक फैला है। इन तीनों सिस्टम के असर से ही छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है।

दरभा और बस्तर में बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में दरभा और बस्तर में पांच सेंटिमीटर बारिश हुई है। जगदलपुर में 4 सेंटिमीटर, दंतेवाड़ा, भैरमगढ़, खैरागढ़, पाटन और अंतागढ़ में 3 सेंटिमीटर, राजनांदगांव, छुईखदान, दुर्ग में 2 सेंटिमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

शुक्रवार के बाद बढ़ेगा तापमान

शुक्रवार से मौसम साफ होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। उसके बाद ही प्रदेश में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। राज्य के सभी जिलों में अभी तापमान 40 डिग्री से कम चल रहा है। बुधवार को राज्य में सबसे अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री डोंगरगढ़ में दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान जगदलपुर में 34 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। दुर्ग में तापमान 35 डिग्री है लेकिन ये सामान्य से 7 डिग्री कम है।

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐈𝐕𝐄 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!