छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू हुए अभी 4 दिन भी नहीं हुए कि रबी सीजन में धान की बुवाई को लेकर सियासी बवाल शुरू हो गया है। दरअसल पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश के कई जिलो में रबी के सीजन में धान बुवाई पर रोक लगा दी गई है, जिसके लिए जिला प्रशासन की ओर से आदेश जारी किया गया है। उनका यह भी आरोप है कि गांव-गांव में इसके लिए मुनादी कराई जा रही है। धनेंद्र साहू ने कहा कि किसान गांजा या अफीम की खेती तो नहीं कर रहे हैं, उन्हें धान बोने के लिए रोका नहीं जाना चाहिए। ऐसा करना किसानों को हतोत्साहित करने वाला फैसला होगा।
वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने जवाब देते हुए कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं निकल गया है। कांग्रेस अफवाह फैलाने वाली फैक्ट्री है। कांग्रेस के नेता अनर्गल बयानबाजी करते हैं। लेकिन अगर देखा जाए तो रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव जिले में ऐसा आदेश जारी किया गया है, जिसमें साफ लिखा गया है कि किसानों को मक्का, गेहूं, रागी और दलहन फसलों के लिए प्रोत्साहित किया जाए।