छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 48 घंटों में इन राज्यों में बारिश की संभावना…

मौसम अपडेट : बीते कई दिनों से मानसून की सुस्त रफ्तार के कारण लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान हैं, लेकिन अगले 24 से 48 घंटों में लोगों को राहत मिल सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24-48 घंटे में मानसून सक्रिय होने वाला है। मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां निर्मित होना शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात को हल्की बारिश भी हुई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में आज ही बूंदाबादी हो सकती है और तापमान में गिरावट आ सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम विभाग ने दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत देश के अन्य कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

आगे बढ़ेगा मानसून

करीब 4 सप्ताह तक स्थिर रहने के बाद मानसून अब आगे बढ़ सकता है और 3-4 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अच्छी बारिश कर सकता है। इन दौरान तापमान में गिरावट हो सकती है और रुक-रुक कर बारिश होगी।

उत्तर प्रदेश व मध्यप्रदेश में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरप्रदेश के कुछ जिलों में 48 घंटों में भारी बारिश के आसार हैं। हालांकि, लखनऊ समेत पूर्वी व पश्चिमी यूपी के कुछ जनपदों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। इसी प्रकार मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई है। यहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते दो दिनों में ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गई है।
अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, मध्य भागों और उत्तर प्रदेश की तलहटी, उत्तराखंड, आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में भी बारिश की उम्मीद है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, दिल्ली, दक्षिण गुजरात, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है।

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐚𝐭 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐢𝐯𝐞 ❤
error: Content is protected !!